हल्दूचौड़। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में छात्रसंघ निर्वाचन सत्र 2026-27 को लेकर चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। महाविद्यालय में कुल 11 पदों के लिए प्रक्रिया चल रही है। इनमें अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर दो-दो प्रत्याशी होने के कारण चुनाव होगा, जबकि अन्य पदों पर एक-एक प्रत्याशी होने से निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।

अध्यक्ष पद के लिए हिमांशु पांडे और हिमांशु सुयाल के बीच मुकाबला होगा। हिमांशु पांडे एम.कॉम प्रथम सेमेस्टर और हिमांशु सुयाल एम.ए. हिंदी प्रथम सेमेस्टर के छात्र हैं।
वहीं कोषाध्यक्ष पद पर खुशी मेहता और शिखा खत्री आमने-सामने हैं। खुशी मेहता बी.एससी. पंचम सेमेस्टर और शिखा खत्री एम.ए. अंग्रेजी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा हैं।
महाविद्यालय की ओर से 26 सितंबर 2026 को जारी वैध प्रत्याशियों की सूची के अनुसार उपाध्यक्ष छात्र पद पर सावन मेहता, उपाध्यक्ष छात्रा पद पर करिश्मा, सचिव पद पर दीपक कुमार, संयुक्त सचिव छात्रा पद पर आंचल बैठा, सांस्कृतिक सचिव पद पर भावना भट्ट, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अभिषेक भट्ट, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर गीतांजलि दुम्का और कला संकाय प्रतिनिधि पद पर भाष्कर जोशी का एक-एक नामांकन हुआ है। ऐसे में इन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होगा।
विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर कोई नामांकन नहीं होने के कारण यह पद रिक्त रहेगा।
महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया प्राचार्य डॉ. सीमा श्रीवास्तव और छात्रसंघ निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह के दिशा-निर्देशों में संचालित की जा रही है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट का सहयोग भी लिया जा रहा है।
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया है। अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर होने वाले चुनाव को लेकर अब कॉलेज परिसर में छात्र राजनीति का माहौल तेज होने लगा है।
#StudentUnionElection #LBSCollege #Halduchaur #Nainital #Uttarakhand
