मुख्य संपादक- सैफ अली सिद्दीकी
टनकपुर। नगर पालिका परिषद टनकपुर में लंबे समय से बोर्ड बैठक आयोजित न होने को लेकर सभासदों ने नाराजगी व्यक्त की है। नगर के विभिन्न वार्डों के सभासदों ने अधिशासी अधिकारी एवं पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की है।

सभासदों ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि नगर पालिका की पिछली बोर्ड बैठक 24 अप्रैल 2026 को आयोजित हुई थी। इसके बाद से अब तक कोई बैठक नहीं बुलाई गई है, जिसके कारण पूर्व में पारित प्रस्तावों एवं चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि नगर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जनसमस्याओं पर चर्चा एवं आवश्यक निर्णय लेने के लिए नियमित बोर्ड बैठकें आवश्यक हैं।
ज्ञापन में सभासदों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली की समुचित समीक्षा कर विकास योजनाओं को गति देने की आवश्यकता पर भी बल दिया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र बोर्ड बैठक आयोजित की जाए, ताकि लंबित मुद्दों का समाधान हो सके और नगर के विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद चर्चित शर्मा (वार्ड संख्या 4), बबीता वर्मा (वार्ड संख्या 7), आशा भट्ट (वार्ड संख्या 9), वकील अहमद, दिनेश कुमार तथा दिलदार अली (वार्ड संख्या 3) सहित अन्य सभासद शामिल रहे। ज्ञापन पर नगर पालिका के कई सभासदों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।
