हल्द्वानी के प्रकाश मेहरा पर देहरादून में खुद को स्वास्थ्य महानिदेशक (DG Health) और प्रभावशाली प्रशासनिक अधिकारी बताकर 12 लाख 38 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। मामले में प्रकाश मेहरा उर्फ प्रकाश नेगी और उसके सहयोगी अतुल घुड़त्याल के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि दोनों आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
देहरादून निवासी शिकायतकर्ता चंदन सिंह रावत के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी ठेका दिलाने, राज्य सचिवालय में काम करवाने और टेंडर दिलाने का भरोसा देकर उनसे दो किस्तों में कुल 12 लाख 38 हजार रुपये लिए। शिकायत के मुताबिक, इसमें 6 लाख 50 हजार रुपये नकद और 5 लाख 88 हजार रुपये बैंक ट्रांसफर के माध्यम से लिए गए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में आरोपियों ने केवल 2 लाख रुपये वापस किए और 10 लाख 38 हजार रुपये की रकम बकाया रह गई। रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर अलग-अलग बहाने बनाए गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता ने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मामले में फर्जी पहचान और कथित छद्म नामों के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में अतुल घुड़त्याल की वास्तविक पहचान बहादुर सिंह, निवासी अल्मोड़ा, होने का दावा किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए इन आरोपों और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
प्रकाश मेहरा का नाम इससे पहले भी हल्द्वानी से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। गोलापार स्थित एक शिक्षण संस्थान से जुड़े कथित फर्जी डिग्री और कूटरचित दस्तावेजों के मामले में उसका नाम सामने आने की बात कही गई है। इसके अलावा कमलुआगांजा स्थित मरियम पैरामेडिकल कॉलेज की परिसंपत्तियों पर कथित कब्जे की साजिश और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े आरोपों को लेकर भी उसके खिलाफ शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल देहरादून पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है। पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है और कथित तौर पर सरकारी पद व प्रशासनिक पहुंच का इस्तेमाल किस तरह किया गया।
जन वार्ता न्यूज़ इस मामले से जुड़े पुलिस अपडेट और जांच की आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है।
#HaldwaniNews #DehradunNews #CrimeNews #UttarakhandNews #JanvaartaNews
