मुख्य संपादक – सैफ अली सिद्दीकी
हल्द्वानी: आज जमीयत उलमा-ए-हिंद हल्द्वानी की जानिब से इस्लाही मुशायरे का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जमीयत उलेमा हिंद नैनीताल के जिला अध्यक्ष मौलाना मुकीम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद समाज में इस्लामी तालीमात को बढ़ावा देना और लोगों को दीनी और सामाजिक सुधार की ओर प्रेरित करना है। इस आयोजन के तहत दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आज शनिवार को हल्द्वानी में संपन्न होंगे।

पहला प्रोग्राम – महिलाओं के लिए विशेष
पहला प्रोग्राम महिलाओं के लिए आयोजित किया जाएगा, जो आज दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक चलेगा। यह कार्यक्रम हल्द्वानी के सरताज मैरिज हॉल, मालिक का बग़ीचा में आयोजित किया जाएगा। महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए इस कार्यक्रम में इस्लामी शिक्षाओं, सामाजिक उत्थान और नैतिकता पर अहम तकरीरें होंगी। मौलाना मुकीम ने बताया कि आयोजकों ने तमाम महिलाओं से इस महत्वपूर्ण सभा में अधिक से अधिक संख्या में शिरकत करने की अपील की है।

दूसरा प्रोग्राम – आम जनता के लिए
दूसरा प्रोग्राम आज ही मगरीब की नमाज़ के बाद मस्जिद अमीर हम्ज़ा, ट्यूबवेल के पास आयोजित किया जाएगा। मौलाना मुकीम ने बताया कि इस कार्यक्रम में खास मेहमान के तौर पर प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान हज़रत मौलाना नदीम अहमद साहब (टांडा, बदायूं) और मुफ़्ती रियासत अली साहब (अमरोहा) तशरीफ़ ला रहे हैं। ये दोनों सम्मानित विद्वान इस्लामी रहनुमाई, समाज में सुधार और धार्मिक मूल्यों की पुनर्स्थापना पर अपने विचार साझा करेंगे।
सभी से अपील – अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों
मौलाना मुकीम ने सभी मुस्लिम भाइयों और बहनों से गुज़ारिश की कि वे इस महत्वपूर्ण आयोजन में शरीक होकर इसका पूरा लाभ उठाएं। घर की महिलाओं को सरताज मैरिज हॉल भेजने और मर्दों को मस्जिद अमीर हम्ज़ा में शामिल होने की विशेष अपील की गई है। उन्होंने कहा कि इस्लाही मुशायरा न केवल धार्मिक जागरूकता बढ़ाने का जरिया बनेगा, बल्कि समाज में नैतिकता और एकता को भी मज़बूत करेगा।
यह कार्यक्रम समाज में दीनी और अखलाकी सुधार की दिशा में एक अहम क़दम होगा, जिसमें लोगों को इस्लामिक शिक्षाओं के आधार पर अपनी ज़िंदगी को संवारने का मौका मिलेगा।
