उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा अपंजीकृत शिक्षण संस्थानों के विरुद्ध सतत कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शनिवार को भगवानपुर थाना क्षेत्र में प्रशासनिक टीम द्वारा तीन अपंजीकृत मदरसों को विधिसम्मत तरीके से सील किया गया।
भगवानपुर के उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की उपस्थिति में हल्लू माजरा, मक्खनपुर और मोहितपुर गांवों में स्थित अपंजीकृत मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि ये मदरसे आवश्यक मानकों का पालन नहीं कर रहे थे और इनके संचालन के लिए विधिक पंजीकरण भी नहीं कराया गया था।
राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में अपंजीकृत मदरसों के विरुद्ध एक सघन अभियान चलाया जा रहा है। भगवानपुर क्षेत्र में पूर्व में भी इसी प्रकार की कार्रवाइयां संपन्न हो चुकी हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सभी कार्रवाइयां नियमानुसार और निष्पक्ष ढंग से की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि आज की कार्रवाई के पश्चात अब तक राज्य में कुल 180 अपंजीकृत मदरसों को सील किया जा चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कोई भी संस्था कानून और नियमों के विपरीत संचालित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की कार्रवाइयां भविष्य में भी सतत रूप से जारी रहेगी।