हाजी सरफराज आलम ने दिया संदेश — “प्रकृति के बिना जीवन असंभव”

टांडा (उत्तर प्रदेश)।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत टांडा नगर में आज बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत झंडा चौक स्थित स्टेडियम से हुई, जहां नगरपालिका अध्यक्ष साहिबा सरफराज और उनके प्रतिनिधि हाजी सरफराज आलम के नेतृत्व में पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर नगर के सभासदों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मां के प्रति सम्मान प्रकट करना बताया गया।

हाजी सरफराज आलम ने कहा कि —

पेड़ जीवन का आधार हैं। प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का दुष्परिणाम अब समाज को भुगतना पड़ रहा है। कभी बाढ़, कभी सूखा और तापमान में लगातार वृद्धि जैसे संकट जलवायु परिवर्तन को जन्म दे रहे हैं। यदि समय रहते सचेत नहीं हुए, तो आने वाले समय में स्थिति और भयावह हो सकती है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद सिर्फ हरियाली बढ़ाना नहीं है, बल्कि लोगों को अपनी मां के प्रति प्रेम और सम्मान प्रकट करने का एक माध्यम भी है। हर व्यक्ति को चाहिए कि वह अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अपनी मां के नाम पर अवश्य लगाए।

सभासद शफीक अहमद ने कहा —

हमारी इस पहल से वर्षा में वृद्धि होगी, भूजल स्तर सुधरेगा, फसलों की पैदावार बढ़ेगी और नदियों व तालाबों का संरक्षण संभव होगा।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखा गया। सभी ने अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया और अन्य लोगों से भी इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!