टांडा (रामपुर)।
नगर पालिका परिषद टांडा द्वारा सोमवार, 19 जनवरी 2026 को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अधिशासी अधिकारी वन्दना शर्मा के नेतृत्व में नायब तहसीलदार एवं पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में की गई।
नालों और सड़कों से हटाया गया अतिक्रमण
अभियान के दौरान टांडा नगर पालिका क्षेत्र से बाजपुर मार्ग, रामपुर चौराहे से गैस्टहाउस मार्ग तथा मुरादाबाद मार्ग तक नालों के आगे और सड़कों पर अवैध रूप से लगाई गई दुकानों को हटवाया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु हुई।
15 हजार रुपये का जुर्माना, पॉलिथीन जब्त
अतिक्रमण करने वालों से कुल 15,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही नगर पालिका टीम द्वारा पॉलिथीन जप्तीकरण की कार्रवाई भी की गई।
दोबारा अतिक्रमण पर सख्त चेतावनी
अधिशासी अधिकारी वन्दना शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगे से कोई भी दुकानदार नालों या सड़कों पर अतिक्रमण न करे। यदि भविष्य में अतिक्रमण पाया गया तो जुर्माने के साथ-साथ सामान भी जब्त किया जाएगा।
अभियान में ये रहे मौजूद
इस अतिक्रमण हटाओ अभियान में नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी वन्दना शर्मा, नगर पालिका परिषद टांडा के समस्त कर्मचारी तथा पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।
अतिक्रमण मुक्त शहर की दिशा में कदम
नगर पालिका परिषद टांडा ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और यातायात के लिए सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से आगे भी इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
