टांडा। नगर पालिका परिषद टांडा में तकनीकी गड़बड़ी के चलते 14 मई को करीब 160 दैनिक कर्मचारियों के खातों में वेतन दोबारा ट्रांसफर हो गया। मामले की जानकारी होने के बाद अधिकांश कर्मचारियों ने अतिरिक्त राशि वापस नहीं की, लेकिन वार्ड-10 के सभासद अफसर अली के पुत्र एवं नगर पालिका कर्मचारी अहतराम अली ने ईमानदारी का परिचय देते हुए अतिरिक्त सैलरी स्वयं कार्यालय पहुंचकर वापस जमा कर दी।
अहतराम अली के इस कदम की नगर पालिका कार्यालय में जमकर सराहना की गई। कार्यालय में आयोजित एक छोटे सम्मान समारोह में बड़े बाबू धनीराम और शिवम बाबू ने उन्हें हार पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान बड़े बाबू धनीराम ने कहा कि 160 कर्मचारियों में अकेले अहतराम अली ने ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय दिया है, जो दूसरों के लिए भी एक मिसाल है। वहीं शिवम बाबू ने कहा कि ऐसे कर्तव्यनिष्ठ और सच्चे लोग ही किसी संस्था की वास्तविक पूंजी होते हैं।
अहतराम अली की इस ईमानदारी की चर्चा पूरे टांडा क्षेत्र में हो रही है और लोग उनके इस कदम की सराहना कर रहे हैं।
