रामनगर। रामनगर के सीतावनी क्षेत्र में 16 मई को पहली भव्य श्रीजानकी कथा का आयोजन किया जाएगा। इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में 12 वर्षीय बाल व्यास वैदेहीनंदन वेदांत द्वारा श्रीजानकी कथा का वाचन किया जाएगा।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद Ajay Bhatt ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन रामायण रिसर्च काउंसिल के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य माता सीता के त्याग, तप, मर्यादा और प्रेरणादायी जीवन मूल्यों को समाज तक पहुंचाना तथा सनातन संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है।
उन्होंने बताया कि 16 मई को प्रातः 9 बजे पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसमें वह अपने परिवार सहित शामिल होंगे। इसके बाद श्रीजानकी कथा का विधिवत आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना है। सांसद अजय भट्ट ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने तथा माता जानकी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की है।
