उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में हुआ भव्य सम्मेलन, सभागार में गूंजती रहीं तालियां

मुख्य संपादक – सैफ अली सिद्दीकी

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के जनरल विपिन चंद्र रावत सभागार परिसर में शनिवार प्रातः 11 बजे प्रथम पूर्व छात्र सम्मेलन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए पूर्व छात्रों ने भाग लेकर विश्वविद्यालय से जुड़ी यादें साझा कीं तथा संस्थान के विकास में सहयोग का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्रा लोहनी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस दौरान उन्होंने पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय की शक्ति बताते हुए शिक्षा, शोध और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सम्मेलन के सफल आयोजन में डॉ. भानु प्रकाश जोशी के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया गया। आयोजकों ने कहा कि समिति लगातार विस्तार कर रही है और भविष्य में पूर्व छात्रों को एक मजबूत मंच प्रदान किया जाएगा।

डॉ. महेंद्र कुमार तनेजा और लता बोरा सम्मानित

सम्मेलन में समिति की ओर से डॉ. महेंद्र कुमार तनेजा एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती लता बोरा को शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

योग विभाग के डॉ. महेश आर्य को मिली पहली PhD उपाधि

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के योग विभाग से जुड़े डॉ. महेश आर्य को प्रथम PhD उपाधि प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डॉ. महेश आर्य ने अपनी इस उपलब्धि को कुलपति प्रो. नवीन चंद्रा लोहनी को समर्पित करते हुए विश्वविद्यालय और अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

वक्ताओं ने रखे विचार, सहयोग का दिया आश्वासन

सम्मेलन में उपस्थित विभिन्न वक्ताओं ने शिक्षा, शोध, सामाजिक विकास एवं विश्वविद्यालय की प्रगति को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही भविष्य में विश्वविद्यालय के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां पूर्व छात्रों ने ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!