38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने इतिहास रच दिया। मंगलवार को राज्य के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते—एक वॉटर स्पोर्ट्स के कयाकिंग इवेंट में और दूसरा योगासन में। यह प्रदर्शन उत्तराखंड के खेल इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ है।

पौड़ी जिले के फूलचट्टी गोल्फ कोर्स में आयोजित कयाकिंग प्रतियोगिता में ऋषिकेश की रीमा सेन ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि पुरुष वर्ग में ऋषिकेश के ही धीरज सिंह ने रजत पदक जीता।

शाम को अल्मोड़ा में आयोजित आर्टिस्टिक योगासन प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने टीम इवेंट में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इस विजेता टीम में अजय वर्मा, हर्षित भाटी, शशांक शर्मा, प्रियांशु, और रोहित यादव शामिल थे। इसके अलावा, ट्रेडिशनल सिंगल और डबल्स इवेंट में भी उत्तराखंड ने रजत और कांस्य पदक जीते।
मंगलवार को बैडमिंटन में भी उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीते।
अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
उत्तराखंड ने अब तक 3 स्वर्ण, 11 रजत और 12 कांस्य पदकों सहित कुल 26 पदक हासिल किए हैं, जिससे वह पदक तालिका में 15वें स्थान पर पहुंच गया है।
यह प्रदर्शन उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए गर्व का क्षण है और राज्य के खेल विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि को दर्शाता है।