अब झीलों की नगरी नैनीताल और पहाड़ों की रानी मसूरी पहुंचना हुआ आसान

उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चार नई हेली सेवाओं का शुभारंभ किया। इन सेवाओं के जरिए अब देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर और मसूरी के साथ ही हल्द्वानी से बागेश्वर के लिए हवाई सफर संभव हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘उड़ान’ योजना के तहत शुरू की गई इन सेवाओं से राज्य में पर्यटन और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से इन क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ होगा।

इन इलाकों को मिलेगा लाभ

नैनीताल, बागेश्वर और मसूरी प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों और आध्यात्मिक महत्व के लिए प्रसिद्ध हैं। नैनीताल अपनी झीलों और धार्मिक स्थलों जैसे नयना देवी मंदिर और कैंची धाम के लिए जाना जाता है। वहीं, बागेश्वर का पवित्र बागनाथ मंदिर और उत्तरायणी मेला श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क मार्ग से इन क्षेत्रों तक पहुंचने में 8 से 10 घंटे लगते हैं, जबकि हेली सेवा से यह सफर मात्र 1 घंटे में पूरा हो जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों में भी यह सेवा काफी सहायक होगी।

राज्य में हेलीपोर्ट्स का विस्तार

सरकार प्रदेश में हवाई संपर्क को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। अब तक राज्य में 18 हेलीपोर्ट्स विकसित किए जा चुके हैं, जिनमें से 12 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। गौचर, श्रीनगर, चिन्यालीसौड़, हल्द्वानी, मुनस्यारी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत और अल्मोड़ा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को हेली सेवाओं से जोड़ा जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हेली सेवाएं न केवल परिवहन को सुगम बनाएंगी, बल्कि आपदा प्रबंधन के लिए भी मददगार साबित होंगी। सरकार घरेलू उड़ानों के विस्तार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी बढ़ावा देने पर कार्य कर रही है।

यात्रियों से की वर्चुअल बातचीत

शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने इन हेली सेवाओं से यात्रा कर रहे यात्रियों से वर्चुअल बातचीत की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, सविता कपूर, बृज भूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

हेली सेवा का शेड्यूल और किराया

नई हेली सेवाओं का किराया और उड़ान समय निम्नानुसार है:

01 – देहरादून – नैनीताल
किराया – 4500 प्रति यात्री
देहरादून से उड़ान- सुबह 8.15, दोपहर- 02.25 बजे
नैनीताल से उड़ान- सुबह 9.10, दोपहर- 03.20 बजे

02 – देहरादून – बागेश्वर
किराया – 4000 प्रति यात्री
देहरादून से उड़ान- सुबह 10.20, दोपहर- 12.30 बजे
बागेश्वर से उड़ान- सुबह 11.10, दोपहर- 01.20 बजे

03 – हल्द्वानी – बागेश्वर
किराया – 3500 प्रति यात्री
हल्द्वानी से उड़ान- सुबह 08.30, दोपहर- 02.45 बजे
बागेश्वर से उड़ान- सुबह 09.00, दोपहर- 03.00 बजे

04 – देहरादून – मसूरी

किराया – 2578 प्रति यात्री

उत्तराखंड सरकार के इस कदम से प्रदेश में पर्यटन और परिवहन को नया आयाम मिलेगा। हेली सेवाओं की शुरुआत से जहां यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं पर्यटन उद्योग को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि यह पहल उत्तराखंड को एक वैश्विक पर्यटन हब बनाने में सहायक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!