उत्तराखण्ड: भाजपा का धुआंधार जश्न, गांव-गांव में मनेगा स्थापना दिवस

मुख्य संपादक – सैफ अली सिद्दीकी

प्रदेश टोली गठित, जनसहभागिता बढ़ाने की तैयारी

भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी चंदन बिष्ट ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने स्थापना दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। इस अवसर पर “गांव बस्ती चलो अभियान”, विधानसभा स्तर पर “विचार गोष्ठी” और “घर-घर ध्वजारोहण” जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सप्ताहभर चलेंगे और इन्हें प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए प्रदेश टोली का गठन किया गया है। यह टोली जिला एवं मंडल स्तरीय टीमों का निर्माण कर अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करेगी।

स्थापना दिवस पर विशेष कार्यक्रम

चंदन बिष्ट ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देशानुसार, पार्टी 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाने जा रही है। इस दिन प्रदेशभर में पार्टी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों पर भाजपा का ध्वज फहराया जाएगा। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे ध्वजारोहण की सेल्फी लेकर #BJP4ViksitBharat हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करें।

जनपद स्तर पर भाजपा संगठन और सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। 6 या 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर पार्टी के प्राथमिक सदस्य एकत्र होकर स्थापना दिवस समारोह मनाएंगे।

विधानसभा स्तरीय सम्मेलन और प्रमुख विषय

चंदन बिष्ट ने आगे बताया कि 8 और 9 अप्रैल को विधानसभा स्तर पर सभी सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें तीन वक्ता तीन प्रमुख विषयों पर चर्चा करेंगे:

  1. भाजपा की चुनावी सफलता और संगठनात्मक विस्तार।
  2. भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा लाए गए परिवर्तन।
  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास की 11 वर्षीय यात्रा।

गांव बस्ती चलो अभियान

प्रदेश मीडिया सह प्रभारी के अनुसार, 10 से 12 अप्रैल के बीच मंडल अध्यक्ष से ऊपर के सभी नए और पुराने भाजपा पदाधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, पार्षद एवं अन्य निर्वाचित प्रतिनिधि “गांव बस्ती चलो अभियान” में भाग लेंगे। इस दौरान प्रत्येक कार्यकर्ता न्यूनतम 8 घंटे गांव, मोहल्ला या सेवा बस्ती में बिताएंगे और रात्रि विश्राम को प्राथमिकता देंगे।

अभियान की प्रमुख गतिविधियाँ:

  • मंदिर, अस्पताल, स्कूल या गलियों में स्वच्छता अभियान।
  • आंगनबाड़ी केंद्र, पशु चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य सरकारी संस्थानों का दौरा।
  • बूथ समिति की बैठक का आयोजन।
  • भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गलियों में पदयात्रा।
  • ग्रामीणों और निवासियों के साथ चौपाल में संवाद।
  • वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं, कारसेवकों और आपातकाल के दौरान गिरफ्तार नेताओं का सम्मान।

प्रदेश टोली का गठन

चंदन बिष्ट ने बताया कि इन कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु प्रदेश टोली का गठन किया गया है। इस टोली में प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुन्दन परिहार, नलिन भट्ट और पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!