उत्तराखंड ने पूरे देश में पहली बार 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसका उद्देश्य उत्तराधिकार, विवाह जैसे मामलों में लैंगिक समानता सुनिश्चित करना है।
इस दिशा में पुलिस महानिरीक्षक कुमायूं परिक्षेत्र रिधिम अग्रवाल की अगुवाई में कुमायूं के सभी जनपदों में तेजी से कार्य किया गया। अब तक 95.61% पुलिसकर्मियों का विवाह पंजीकरण सफलतापूर्वक UCC पोर्टल पर किया जा चुका है।
एक साल की तैयारी, नियमावली में अहम भूमिका
UCC विधेयक 2024 को विधानसभा से 7 फरवरी को पारित किया गया और 12 मार्च को राष्ट्रपति की मंजूरी मिली। इसके बाद 14 मार्च को नियमावली बनाने का कार्य शुरू हुआ, जिसमें रिधिम अग्रवाल ने अपर सचिव और विशेष सचिव गृह के रूप में अहम भूमिका निभाई। लगभग एक वर्ष की मेहनत के बाद नियमावली तैयार की गई और कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण देकर इसे लागू किया गया।
IG ने दिया सख्त निर्देश, जनपदों में लगाए गए कैम्प
IG रिधिम अग्रवाल ने पदभार ग्रहण करते ही सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने जनपदों के पुलिस लाइन, थानों, शाखाओं में कैंप लगाकर सभी अधिकारियों/कर्मचारियों का विवाह पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। इसके लिए प्रत्येक जनपद में एक नोडल अधिकारी नियुक्त कर दैनिक रिपोर्ट IG को भेजी जा रही है।
अब तक 3212 में से 3071 पुलिसकर्मियों का पंजीकरण पूर्ण
आज दिनांक 17 मई 2025 तक कुल 3212 में से 3071 पुलिसकर्मियों ने विवाह पंजीकरण कराया है। जनपदवार विवरण इस प्रकार है:
- अल्मोड़ा: 308 में से 302 (98.05%)
- बागेश्वर: 219 में से 212 (96.80%)
- चंपावत: 299 में से 289 (96.66%)
- नैनीताल: 925 में से 902 (97.51%)
- पिथौरागढ़: 350 में से 333 (95.14%)
- ऊधमसिंह नगर: 1088 में से 1010 (92.83%)
- परिक्षेत्रीय कार्यालय: 23 में से 23 (100%)
शेष कार्मिकों के पंजीकरण के लिए दिए गए निर्देश
IG रिधिम अग्रवाल ने जानकारी दी कि जिन पुलिसकर्मियों का पंजीकरण अब तक नहीं हो सका है, उनके पीछे कारण आधार कार्ड त्रुटियाँ, तलाक/पारिवारिक विवाद, स्वास्थ्य कारण या पति का विदेश में होना है। उन्होंने जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता देते हुए समाधान कराकर जल्द से जल्द पंजीकरण पूरा कराया जाए।
जनता से भी की अपील
IG कुमायूं ने आम जनता से भी अपील की है कि वे भविष्य में अपनी सुविधा के लिए UCC पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य कराएं।