मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 112 नवचयनित परिवहन आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दो प्रचार वाहनों को भी रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल अभ्यर्थियों की मेहनत, अनुशासन और संकल्प का परिणाम नहीं, बल्कि उनके परिवार के सहयोग, त्याग और आशीर्वाद की भी उपलब्धि है।
परिवहन आरक्षियों की भूमिका अत्यंत अहम: मुख्यमंत्री
सीएम धामी ने कहा कि परिवहन विभाग में आरक्षियों की भूमिका यात्री सेवाओं के संचालन, सड़क सुरक्षा निगरानी, वाहन पंजीकरण और प्रदूषण नियंत्रण सहित कई अहम जिम्मेदारियों से जुड़ी है। ऐसे में यह केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक सामाजिक उत्तरदायित्व है।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मियों को नसीहत दी कि वे अपने कार्यस्थल पर अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखें, साथ ही आमजन के साथ संवाद और सहयोग की भावना से कार्य करें।
राज्य में लागू की गई “नई उत्तराखण्ड सड़क सुरक्षा नीति 2025”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बढ़ते वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है। इसी को देखते हुए फरवरी 2025 में “नई उत्तराखण्ड सड़क सुरक्षा नीति 2025” लागू की गई है। इस नीति के अंतर्गत वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को 50 प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट की गई हैं।
भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस, 200 से अधिक लोग जेल भेजे गए
सीएम धामी ने कहा कि सरकार योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को पारदर्शी प्रणाली के तहत रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बीते तीन वर्षों में राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए 23 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में भर्ती प्रक्रियाओं में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार चरम पर था। इसी कलंक को मिटाने के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। अब परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो रही हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते तीन वर्षों में भ्रष्टाचार में लिप्त 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है और यह अभियान लगातार जारी है।
उपस्थित रहे ये विशिष्टजन
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, सचिव बृजेश कुमार संत, अपर सचिव रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के अधिकारी और सभी नवचयनित अभ्यर्थी उपस्थित रहे।