रामपुर। पुलिस लाइन रामपुर में आज पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में व्यापारी संगठनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर की समस्याओं और प्रशासनिक सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मौजूद व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुना गया। पुलिस प्रशासन की ओर से समस्याओं के समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया।
बैठक में शहर में चल रहे अवैध कब्जा और अतिक्रमण हटाओ अभियान की सराहना की गई। व्यापारियों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यवाहियां शहर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाने की दिशा में एक अहम कदम हैं।
संगठन पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाने की मुहिम में नगर पालिका प्रशासन का भी पूरा सहयोग लिया जाएगा। इस कार्य में सभी व्यापारिक संगठन प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।
बैठक के दौरान जब किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ शिकायतों की जानकारी ली गई, तो किसी भी संगठन पदाधिकारी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। सभी उपस्थित पदाधिकारी पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नजर आए।
इस बैठक को शहर के विकास और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।