टांडा (दढ़ियाल वार्ड-7)। बारिश के बाद टांडा नगर की पंचायत दढ़ियाल के वार्ड नंबर सात की हालत बेहद खराब हो गई है। कच्चे रास्तों पर पानी भरने और कीचड़ जमने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वार्ड के तीन मुख्य मार्गों की स्थिति सबसे अधिक खराब है, जिससे स्कूली बच्चों को रोजाना गंदगी और पानी भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बच्चों के कपड़े खराब हो जाते हैं और कई बार वे फिसलकर गिर भी जाते हैं। वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण लोगों को मजबूरी में इन्हीं रास्तों से गुजरना पड़ता है।
नगर पंचायत अध्यक्ष पर पक्षपात का आरोप
क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ मोहल्लों में सड़कें बनाई गईं, लेकिन वार्ड नंबर सात को नज़रअंदाज़ कर दिया गया। इस मुद्दे को लेकर मुस्तकीम, मुशाहिद अली, मोहम्मद अहमद, हसन समेत कई स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की।
जल्द समाधान की मांग
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है और हर बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं।
