काम छोड़ ‘गायब’ हुए कर्मचारी, CDO ने सीधा वेतन पर मारा ब्रेक

मुख्य संपादक-सैफ अली सिद्दीकी

भीमताल। खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मेहरागांव के निरीक्षण के दौरान दो विभागीय कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने कड़ा रुख अपनाया। लापरवाह कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी ने खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मेहरागांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ सहायक और बीईओ कार्यालय से एक कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित मिले। उपस्थित पंजिका में हस्ताक्षर न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और दोनों के वेतन रोकने के साथ विभागीय कार्रवाई के निर्देश उच्चाधिकारियों को दिए।

बीईओ के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान बीईओ केसी चौहान ग्रोवर भी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। मुख्य विकास अधिकारी ने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई हेतु जिलाधिकारी को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि निरीक्षण सुबह 11:30 बजे तक चला, लेकिन इस दौरान भी बीईओ कार्यालय नहीं पहुंचे।

विद्यालयों का भी किया निरीक्षण

इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने राजकीय माध्यमिक, प्राथमिक और उच्चतर विद्यालयों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में कुल 116 छात्रों में से 88 छात्र उपस्थित मिले, जबकि विद्यालय स्टाफ शत-प्रतिशत उपस्थित पाया गया, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

बच्चों से संवाद, पढ़ाई के साथ खेल पर जोर

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है। शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रयोगशालाओं में अधिक से अधिक प्रैक्टिकल कराएं और पुस्तकालय का नियमित उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों की दक्षता में वृद्धि हो सके।

तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र को दी शुभकामनाएं

इस मौके पर जूनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र संजू से भी मुख्य विकास अधिकारी ने मुलाकात की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे कड़ी मेहनत कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!